ध्वनि भानुशाली के लिए 'व्यूज वाले नंबर' मायने नहीं रखते, बोलीं- मैं कभी इस बात पर ध्यान नहीं देती की मेरे गाने को कितने व्यूज मिले
यूट्यूब सेंसेशन ध्वनि भानुशाली के 'वास्ते' गाने को तकरीबन 100 करोड़ से ज्यादा व्यूज मिले थे। जिसके बाद उन्हें सबसे कम उम्र में बिलिनेयर स्टार का खिताब दिया गया। हालांकि ध्वनि का मानना है की उनके लिए 'व्यूज वाले नंबर' ज्यादा मायने नहीं रखते हैं। हाल ही में उन्होंने अपना नया एल्बम 'नयन' लांच किया। एक हफ्ते में ही इस एल्बम को 44 मिलियन व्यूज मिल चुके हैं।
दैनिक भास्कर से बातचीत के दौरान ध्वनि ने बताया, "मेरे गाने पर जो व्यूज आते हैं। वो पब्लिक के लिए ज्यादा मायने रखते होंगे, लेकिन मेरे लिए नहीं। जाहिर है इससे पता चलता है की कितने लोगों ने हमारा गाना सुना है। हालांकि कितने लोगों ने मेरा गाना पसंद किया, मेरे लिए ये बात मायने रखती है। यकीन मानिए, मैं कभी इस बात पर ध्यान नहीं देती की मेरे गाने को कितने व्यूज मिले। मेरे आसपास के लोग मुझे बताते हैं की आपके गाने को यूट्यूब पर इतने व्यूज मिले। हर गाने से मेरी कोशिश बस यही रहती है की जितने लोग भी इसे सुने, वो लंबे वक्त तक गुनगुनाए।"
खुद की जिंदगी से ही जुड़े होते हैं मेरे गाने
अपने नए एल्बम 'नयन' के बारे में ध्वनि ने बताया, "मेरे सभी गाने खुद की जिंदगी से जुड़े होते हैं। ये गाना कॉलेज लाइफ के इर्द-गिर्द घूमता है। वैसे मुझे कॉलेज से पास आउट हुए अभी एक ही साल हुआ है। इसीलिए उससे जुड़ी मेमोरीज अभी पुरानी नहीं हुई हैं। लेकिन इस गाने को देखकर मुझे उम्मीद है कि ऑडियंस को अपने कॉलेज के दिन जरूर याद आएंगे। लोग अपनी कहानी को मेरी कहानी से जोड़ पा रहे हैं, ये देखकर काफी खुश हूं।"
अब एक्टिंग के ऑफर्स भी आते हैं
बातचीत के दौरान ध्वनि ने बताया, उन्हें म्युजिक के साथ-साथ एक्टिंग ऑफर्स भी आए जिसे उन्होंने ठुकरा दिए। उन्होंने कहा, इस बात से इंकार नहीं करूंगी की मुझे एक्टिंग ऑफर्स भी आते हैं। हालांकि मैं एक साथ दो नाव में सवार नहीं होना चाहती हूं। एक ही करियर पर फोकस करूंगी, तो उसमें सफल होने के ज्यादा चांस हैं। मुझसे एक्टिंग और म्युजिक दोनों साथ में कभी नहीं हो पाएगा। मुझे एक्टिंग पसंद हैं, लेकिन फिलहाल एक्टर बनने का अभी कोई इरादा नहीं है।"
लाइव ऑडियंस को बहुत मिस कर रही हूं
एल्बम्स के अलावा ध्वनि लाइव परफॉरमेंस के लिए भी काफी जानी जाती हैं। हालांकि लॉकडाउन की वजह से वे इस साल लाइव परफॉरमेंस नहीं कर पाईं। सभी की तरह, वे भी इसी इंतजार में हैं की कोरोना महामारी से सब जल्द से जल्द निजात पा लें और उन्हें फिर से लाइव ऑडियंस के सामने परफॉर्म करने का मौका मिले जिसे वे बहुत मिस कर रही हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/entertainment/bollywood/news/dhvani-bhanushali-said-i-never-pay-attention-on-how-many-views-my-song-gets-128015364.html