पिता केके सिंह ने रिया और श्रुति मोदी को मैसेज भेजे थे, कहा था- बेटे से एक बार बात करवा दो; सामने आए वॉट्सऐप स्क्रीनशॉट
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। ताजा मामले में उनके पिता केके सिंह ने कुछ वॉट्सऐप मैसेज जारी किए हैं। 29 नवंबर 2019 को सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती को ये मैसेज भेजे थे। इसमें उन्होंने रिया को लिखा था कि वे सुशांत से उनकी एक बार बात करा दें।
पिता ने रिया से यह बात कही थी
इसमें सुशांत के पिता ने लिखा- जब तुम जान गई कि मैं सुशांत का पापा हूं तो बात क्यों नहीं की। आखिर बात क्या है? फ्रेंड बनकर उसका देखभाल और उसका इलाज करवा रही हो तो मेरा भी फर्ज बनता है कि सुशांत के बारे में सारी जानकारी मुझे भी रहे। इसलिए कॉल कर मुझे भी सारी जानकारी दो।
श्रुति मोदी से भी की थी बेटे से बात करवाने की अपील
29 नवंबर 2019 को ही सुशांत के पिता ने उनकी मैनेजर श्रुति मोदी को भी एक मैसेज किया था। इसमें उन्होंने लिखा था- मैं जानता हूं कि सुशांत के सारे कर्ज और उसे भी तुम ही देखती हो। वह अभी किस स्थिति में हैं, इसके लिए बात करना चाह रहा हूं। सुशांत से बात हुई थी तो उसने कह रहा था कि मैं बहुत परेशान हूं। अब तुम सोचो कि एक पिता को कितनी चिंता होगी उसके लिए। इसलिए तुमसे बात करना चाह रहा था। अब तुम बात नहीं कर रही हो तो मैं मुंबई आना चाहता हूं। फ्लाइट का टिकट भेज दो।
परिवार ने सीबीआई को बताया कि मर्डर के नजरिए से मामले की जांच हो
सोमवार शाम को हरियाणा के फरीदाबाद में सीबीआई की टीम ने सुशांत के पिता केके सिंह, उनकी दोनों बहन मीतू और प्रियंका सिंह के बयान दर्ज किए। सीबीआई के एडिशनल एसपी अनिल कुमार यादव के नेतृत्व में टीम उनके घर पहुंची। यहां करीब 2 घंटे पूरे परिवार से बात की। टाइम्स नाऊ की रिपोर्ट के मुताबिक, सुशांत की बहन ने कहा कि सीबीआई को सुशांत केस की सुसाइड के लिए उकसाने के लिए नहीं बल्कि मर्डर के नजरिए से करनी चाहिए। सुशांत के पिता ने भी मर्डर का आरोप लगाया है।
सुशांत सिंह राजपूत ने 14 जून को मुंबई में स्थित अपने फ्लैट में फांसी लगाकर जान दे दी थी, जिसके बाद से मुंबई पुलिस लगातार इस मामले की जांच कर रही थी। वहीं, पटना में सुशांत के पिता द्वारा एफआईआर दर्ज करवाने के बाद बिहार पुलिस की एक टीम भी इस मामले की जांच के लिए मुंबई पहुंची थी। अब यह मामला सीबीआई के पास है। वहीं, दूसरी ओर इस मामले में प्रवर्तन निदेशालय भी अपनी जांच में जुटी हुई है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/local/maharashtra/news/father-had-sent-messages-to-riya-chakraborty-and-shruti-modi-to-get-the-son-to-talk-whatsapp-screenshot-surfaced-127607229.html