चिरंजीवी सरजा को आखिरी बार गले लगाया तो फूट-फूट कर रो पड़ीं प्रेग्नेंट पत्नी मेघना, दो साल पहले ही हुई थी शादी
पॉपुलर कन्नड़ एक्टर चिरंजीवी सरजा का अंतिम संस्कार सोमवार को बेंगलुरु के कनकपुरा स्थित उनके फार्महाउस पर किया गया। इसके कुछ फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें सरजा की पत्नी मेघना को उन्हें अंतिम विदाई देते देखा जा सकता है।
पूजा-पाठ के बाद जब सरजा की पार्थिव देह को दफनाने के लिए ले जाया जाने लगा तो मेघना ने आखिरी बार उन्हें गले लगाया और फूट-फूटकर रो पड़ीं। कुछ देर तक वे सरजा की पार्थिव देह से लिपट कर रोती रहीं। इस बीच उन्होंने पति के माथे को चूमा और गालों को भी हाथ लगाया। इसके बाद उनके रिलेटिव्स ने आकर उन्हें संभाला और सांत्वना दी।
दो साल पहले ही हुई थी शादी
दो साल पहले ही चिरंजीवी ने कन्नड़ एक्ट्रेस मेघना राज से शादी की थी। लेकिन वे अपने बच्चे का चेहरा देखे बगैर ही दुनिया को अलविदा कह गए। रिपोर्ट्स की मानें तो मेघना मां बनने वाली हैं।
कई सेलेब्स ने दी अंतिम विदाई
सरजा को अंतिम विदाई देने साउथ इंडियन फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई सेलेब्स वहां मौजूद थे। इनमें कन्नड़ एक्टर यश, शिवा राजकुमार और किच्चा सुदीप शामिल हैं। साथ ही बड़ी संख्या में फैन्स ने भी सड़कों पर आकर अपने चहेते अभिनेता को अंतिम विदाई दी।
रविवार को हार्ट अटैक से हुआ निधन
रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को चिरंजीवी को सांस लेने में तकलीफ हुई थी और सीने में दर्द भी महसूस हो रहा था। इसे लेकर उन्होंने डॉक्टर्स से भी बात की थी। बताया जा रहा है कि अगले दिन यानी रविवार दोपहर करीब 1 बजे वे फोन पर अपने पिता से बात कर रहे थे, इसी बीच उन्हें अचानक पसीना आने लगा और वे गिर पड़े। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
22 फिल्मों में काम किया
चिरंजीवी ने 2009 में कन्नड़ फिल्म 'वायुपुत्र' से डेब्यू किया था। उन्होंने अपने करियर में कुल 22 कन्नड़ फिल्मों में काम किया। उनकी आखिरी रिलीज फिल्म 'शिवार्जुन' थी, जो लॉकडाउन से कुछ वक्त पहले ही रिलीज हुई थी। चिरंजीवी के दादा शक्ति प्रसाद और चाचा अर्जुन सरजा भी फिल्म स्टार रहे हैं। वहीं उनके भाई ध्रुव सरजा भी इंडस्ट्री में सक्रिय हीरो हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/entertainment/bollywood/news/chiranjeevi-sarjas-wife-meghana-breaks-down-when-she-hugs-him-for-one-last-time-during-funeral-127391283.html