पूर्व मैनेजर दिशा की मौत पर सुशांत सिंह राजपूत और कई सेलेब्स ने जताया शोक, नुसरत ने लिखा, 'मैं यह खबर सुनकर हिल गई हूं'
सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सलियन की सोमवार रात मौत हो गई। दिशा की मौत बिल्डिंग की 14वीं मंजिल से गिरने के कारण हुई जिसको लेकर पुलिस ने सुसाइड का शक भी जताया है। दिशा की मौत की खबर पर सुशांत सहित कई सेलेब्स ने दुःख जताया है।
सुशांत ने इंस्टाग्राम पर लिखा, यह बेहद दुखद खबर है। मैं दिशा के परिवार और दोस्तों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।
नुसरत ने भी जताया शोक: दिशा की मौत की खबर सुनकर नुसरत भरुचा ने इंस्टाग्राम पर लिखा, मैं यह खबर सुनकर हिल गई हूं। दिशा तुम चली गईं। मैं परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं जिनके दुःख का अंदाजा मैं लगा भी नहीं सकती। भगवान दिशा की आत्मा को शांति दें।
वरुण शर्मा भी हुए दुखी: सुशांत के अलावा दिशा फुकरे फेम एक्टर वरुण शर्मा की मैनेजर रह चुकी थीं। उनकी मौत की खबर सुनकर वरुण ने इंस्टाग्राम पर एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, मैं निशब्द हूं। यह सच नहीं हो सकता। तुम बहुत अच्छी इंसान थीं दिशा। तुम्हारे चेहरे पर हर दिन मुस्कराहट देखी। तुम्हें बहुत मिस करूंगा। भगवान परिवार को इस दुःख को झेलने की शक्ति दे। तुम बहुत जल्दी चली गईं दिशा, मुझे अब तक यकीन नहीं हो रहा कि तुम अब नहीं हो।
वरुण की पोस्ट पर कई सेलेब्स ने कमेंट करते हुए अपना रिएक्शन दिया। सोनाक्षी सिन्हा ने लिखा, 'RIP'। मौनी रॉय ने लिखा, मैं अब तक शॉक में हूं। भगवान दिशा की आत्मा को शांति दे। ऋचा चड्ढा ने लिखा,बेहद दुखद। काश ये सच नहीं होता।
भारती सिंह ने भी दिशा की एक फोटो इंस्टाग्राम स्टोरी में शेयर करते हुए लिखा, स्पीचलैस 'RIP'। इसके साथ ही उन्होंने रोने के कई इमोजी बनाए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
source https://www.bhaskar.com/entertainment/bollywood/news/sushant-singh-rajput-and-many-celebs-mourn-the-death-of-former-manager-disha-salian-127394850.html