टिकट बंटवारे से नाराज BJP नेता की ऑफिस में फांसी लगाने की कोशिश
राजस्थान बीजेपी के दफ्तर में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब टिकट वितरण से नाराज एक युवक जयपुर के पार्टी मुख्यालय में पेड़ पर चढ़कर अपने गमछे से फांसी लगाने लगा. लोग बचाओ-बचाओ करके दौड़े .पेड़ से लटके उस युवक के पैरों को अपने हाथों से ऊपर उठाने की कोशिश की मगर युवक ने पेड़ के ऊपर और जाकर गमछे को डाली से बांधकर अपने गले में डाल लिया.
मामला बिगड़ता देख तुरंत वहां पार्टी दफ्तर में मौजूद बीजेपी कार्यकर्ताओं ने पेड़ पर चढ़कर उस युवक को काबू में लिया और नीचे उतारा. मौके पर पुलिस को सूचना दे दी गई और पुलिस उसको हिरासत में लेकर जयपुर के अशोकनगर थाने ले गई.
दरअसल, पूरा माजरा यह हुआ कि शाम को 5:00 बजे कांग्रेस के पिछली गहलोत सरकार में शामिल पूर्व मंत्री रामकिशोर सैनी बीजेपी में शामिल हो गए और कहा गया कि रामकिशोर सैनी को बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी के टिकट पर सचिन पायलट के करीबी जीआर खटाना के सामने उतारा जाएगा. इस बात से नाराज होकर बांदीकुई से आए बीजेपी नेता लोकेश सैनी ने पार्टी दफ्तर में आत्महत्या का प्रयास किया.
5 साल से बीजेपी के लिए जी जान से जुटे
उसका कहना था कि हम लोग 5 साल से बीजेपी के लिए जी जान से जुटे हैं लेकिन बीजेपी हमारी कीमत पर कांग्रेस से पैराशूट उम्मीदवार लाकर हमारे विधानसभा सीट से लड़ना चाहती है. इस बात से दुखी होकर उसने पार्टी दफ्तर में जान देने की सोची.
फिलहाल पुलिस ने उस पर आत्महत्या के प्रयास करने का मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया है. उसे कल कोर्ट में पेश किया जाएगा. मामले को गंभीर मानते हुए बीजेपी दफ्तर में बड़ी संख्या में पुलिस बल लगा दिया गया है. साथ ही कांग्रेस दफ्तर में भी रात के धरने को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस की तैनाती कर दी गई है ताकि कोई हादसा ना हो. टिकट वितरण के बाद से ही कांग्रेस और बीजेपी में लगातार नाराज नेताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है.
from hindi news https://ift.tt/2PvYecs
via IFTTT