सी एम वसुधंरा ने प्रधान सरोज से की बात ,
भीलवाड़ा मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कहा कि किसी को भी हम महिलाओं की शक्ति को कम नहीं आंकना चाहिए। इन चुनावों में हम सब बहनें मिलकर कांग्रेस को बता देंगे कि राजस्थान में नारी शक्ति को कोई नहीं हरा सकता। यहां तो नारी शक्ति ही जीतेगी। इस दौरान उन्होंने एक शेर भी पढ़ा। सरस्वती का रूप है नारी, लक्ष्मी का स्वरूप है नारी, बढ़ जाए जब अत्याचार, दुर्गा का नवरूप है नारी। मुख्यमंत्री राजे शनिवार को करवा चौथ के अवसर पर प्रदेश के सभी जिलों की महिलाओं से ऑडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बात कर रही थीं। उन्होंने सभी सुहागिनों को करवा चौथ की शुभकामनाएं भी दीं। सुवाणा की प्रधान सरोज गुर्जर से बात करते हुए मेडिकल कालेज को उपलब्धि बताते हुए इस आम लोगो तक पहुँचाने कि बात कही। मुख्यमंत्री राजे ने कहा कि राहुल गांधी कह रहे हैं कि कांग्रेस शासित प्रदेशों में 50 फीसदी महिलाएं मुख्यमंत्री होंगी। वे बताए कि आज कांग्रेस शासित किस राज्य में महिला मुख्यमंत्री है। उन्होंने कहा कि झूठे वादे, झूठी बातें और झूठे इरादे कांग्रेस की फितरत रही है। इनके नेताओं को झूठ बोलकर वोट मांगने में जरा भी शर्म नहीं आती। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चुनाव कोई साधारण चुनाव नहीं, उनका ये चुनाव महिला विरोधी ताकतों से है। ऐसी ताकतों से जिन्होंने हमेशा नारी जाति का अपमान किया है। भ्रष्टाचार की बात हो या दुष्कर्म और हत्या के मामले, ऐसी ताकतों ने पिछली कांग्रेस सरकार में सारी ही हदें पार कर दी थीं और आज कह रहे हैं कि राजस्थान में महिला सुरक्षित नहीं है। हमने तो किसी भी 12 वर्ष तक की बच्ची के साथ दुष्कर्म होने पर आरोपी को मौत की सजा तक का कानून बनाया है। महिलाओं के उत्थान के लिए हमने जन्म से लेकर वृद्धावस्था तक की योजनाएं बनाई हैं। उन्होंने कहा कि आप सब महिलाएं मिलकर ऐसे लोगों को बता दो कि राजस्थान की महिलाएं कमजोर नहीं हैं, यहां कि हर महिला मुख्यमंत्री है, हर महिला वसुंधरा राजे है। हमारी बहनों को पुरुषों के बराबर हक मिले, इसलिए हमने देश में पहली बार पंचायतीराज संस्थाओं और स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत पदों पर महिलाओं को आरक्षण दिया। आज पंचायतीराज संस्थाओं में आधे पदों पर महिलाओं का राज है, अगर कांग्रेस के लोग अदालत में नहीं जाते तो स्थानीय निकायों में भी 50 प्रतिशत पदों पर महिलाएं ही होतीं।