पीएम मोदी करेंगे देहरादून से पंतनगर और पिथौरागढ़ के✈️बीच हवाई सेवा का उद्घाटन🎉
उत्तराखंड के भीतर सस्ती हवाई सेवाओं का इंतजार खत्म होने वाला है। उड़ान दो योजना के तहत देहरादून से पिथौरागढ़ और पंतनगर से पिथौरागढ़ के बीच हवाई सेवा की तैयारी कर ली गई है। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, सात अक्टूबर को निवेशक सम्मेलन में देहरादून आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उड़ान दो योजना का शुभारंभ कर सकते हैं।
उत्तराखंड में हेरिटेज कंपनी का नौ सीटर विमान सात अक्टूबर से जौलीग्रांट एयरपोर्ट से पिथौरागढ़ के नैनीसैनी एयर पोर्ट और पंतनगर से पिथौरागढ़ के लिए उड़ान भरेगा। पहली बार प्रदेश के भीतर शुरू होने जा रही हवाई सेवा आम आदमी की पहुंच में होगी।
हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी हवाई सेवा का किराया घोषित नहीं हुआ है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक, देहरादून से पिथौरागढ़ के बीच शुरू होने वाली हवाई सेवा का प्रति व्यक्ति किराया 2000 रुपये तक हो सकता है। पंतनगर और पिथौरागढ़ के मध्य किराये की दर इसकी आधी हो सकती है।