रेलवे ट्रैक पर युवक की हत्या की गुत्थी सुलझी, दो युवक पकड़े
अलवर, के कालीमोरी रेलवे ओवरब्रिज के पास रेलवे ट्रैक पर गला काटकर व चाकुओं से गोदकर युवक की हत्या की गुत्थी जीआरपी थाना पुलिस ने छह दिन में ही सुलझा दी है। दीपक की हत्या उसके साथियों ने ही आपसी रंजिश के चलते की थी। प्रकरण में जीआरपी थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कालीमोरी रेलवे ओवरब्रिज ट्रैक के समीप युवक की गला काटकर हत्या के मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जीआरपी थाना पुलिस ने शुक्रवार को रेलवे कोर्ट जयपुर में पेश किया। जहां से उन्हें 30 अगस्त तक पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। अलवर जीआरपी थानाप्रभारी रमेशचंद ने बताया कि 17 अगस्त की रात कालीमोरी रेलवे ओवरब्रिज रेलवे ट्रैक के पास रोडी पर ग्राम नांगल लाट थाना टोडाभीम जिला करौली निवासी दीपक मीणा पुत्र धर्मसिंह मीणा का गला काटकर व चाकूओं से गोदकर नृशंस हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलने के बाद 18 अगस्त की सुबह पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना किया। घटना के सम्बन्ध में जीआरपी थाना पुलिस ने मृतक दीपक के पिता धर्मसिंह की रिपोर्ट पर हत्या का मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी। प्रकरण में पुलिस ने आरोपी गांव भोटवाड़ा थाना महावीरजी जिला करौली निवासी उर्वेश मीणा(19) पुत्र हरसहाय मीणा और महावीरजी निवासी आकाश(20) पुत्र वेदप्रकाश बंजारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने रंजिश के चलते दीपक की हत्या करना कबूला है।