राफेल पर वित्त मंत्री अरुण जेटली का पलटवार, कहा- प्राइमरी स्कूल की तरह हो रही बहस
वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राफेल के मुद्दे पर कांग्रेस के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। समाचार एजेंसी एएनआई को दिये इंटरव्यू में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने राहुल गांधी के सारे आरोपों पर पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस ने राफेल की कीमत पर जो भी तथ्य सामने रखे हैं, वह सभी गलत हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने 2007 राफले डील के संबंध में खुद अलग-अलग भाषणों में 7 अलग-अलग कीमतों का जिक्र किया है। साथ ही अरुण जेटली ने यह भी कहा कि यूपीए सरकार ने देश की सुरक्षा के साथ समझौता किया था।
यहां देखें टि्वट-
राफेल सौदे को लेकर लगाए जा रहे आरोपों को केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने किंडरगार्टन या प्राइमरी स्कूल के बच्चों जैसी बहस करार दिया है। उन्होंने कहा, "मैं 500-कुछ दे रहा था, आपने 1600-कुछ दिए हैं... यह तर्क दिया जा रहा है... यह दिखाता है कि उन्हें (राहुल गांधी को) कितनी कम समझ है...।"
अरुण जेटली ने कहा कि राष्ट्रीय पार्टी से इस प्रकार की उम्मीद की जाती है कि कोई भी आरोप लगाने से पहले वह तथ्यों की जांच करें। उन्होंने कहा कि यूपीए की सरकार ने इस डील में करीब एक दशक की देरी की, जिसका सीधा असर राष्ट्रीय सुरक्षा पर पड़ा। अरुण जेटली ने कहा कि 2015 से 2016 तक राफेल की कीमत को लेकर बातचीत की गई और करेंसी वेरिएशन के साथ अंतत: 2016 में इसे एग्जीक्यूट किया गया। इस तरह से एयरक्राफ्ट का दाम 9 फीसदी सस्ता हो गया। क्या कांग्रेस इस बात से अवगत है?