शक्ति कपूर हिन्दी फिल्मों के जबरदस्त विलेन, कॉमेडियन और डांसर रहे हैं।
शक्ति कपूर की खासियत रही है कि किसी भी तरह की भूमिका में वे ढल जाते
हैं। एक 'क्रूर खलनायक' की भूमिका हो या फिर 'हम साथ साथ हैं', 'अधर्म'
जैसी फिल्म में भावपूर्ण अभिनय या फिर 'राजा बाबू', 'मालामाल वीकली' और
'चालबाज' जैसी फिल्मों में हास्य अभिनय, इन सभी भूमिकाओं में उनका कोई जवाब
नहीं। शक्ति कपूर का जन्म 3 सितंबर 1952 को दिल्ली में हुआ था। आज हम लाए
हैं शक्ति कपूर से जुड़े कुछ दिलचस्प तथ्य-

शक्ति कपूर का असली नाम 'सुनील सिकन्दरलाल कपूर' है। शक्ति कपूर ने दिल्ली
युनिवर्सिटी के किरोड़ीमल कॉलेज से अध्ययन किया है। इसके अलावा एफटीआईआई
से अभिनय की बारीकियां सीखीं हैं।

उनका जन्म दिल्ली के एक पंजाबी परिवार में हुआ। उनके पिता की कनाट पैलेस
पर टेलर की शॉप थी। उनकी शॉप पर कई फिल्मी सितारें आया करते थे। एक बार
सुनील दत्त ने शक्ति को देखा तो 'रॉकी' फिल्म में विलेन का रोल दिया।

शक्ति स्पोर्ट्स कार के शौकीन थे और उन पर खूब पैसा खर्च करते थे।
जीतेन्द्र ने शक्ति को सलाह दी कि वे पैसा बरबाद न करें और प्रॉपर्टी
खरीदें तो भविष्य अच्छा साबित होगा। शक्ति ने सलाह मानी। उनके मुंबई में
तीन और दिल्ली में एक भव्य बंगला हैं।

शक्ति कपूर की पत्नी शिवांगी कोल्हापुरे अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे की बहन हैं। उनके दो बच्चे श्रद्धा कपूर और बेटा सिद्धांत है।

इतनी सारी फिल्में और रोल निभाने के बावजूद उन्हें सिर्फ राजा बाबू के लिए ही फिल्मफेअर अवॉर्ड मिला।

साल 2005 में उन पर स्टिंग ऑपरेशन हुआ था, जो बहुत चर्चा में रहा। उनके
अनुसार कांस्टिंग काउच के इस मामले में चैनल ने अपनी टीआरपी बढ़ाने के लिए
उन्हें फंसाया था। उन पर फिल्म एंड टेलीविज़न प्रोड्यूसर गिल्ड ऑफ इंडिया
ने बैन भी लगाया जो हफ़्तेभर बाद हटा भी दिया था।

शक्ति कपूर एक बार अपने पैरेंट्स को अपनी फिल्म 'इंसानियत के दुश्मन'
दिखाने के लिए ले गए थे। फिल्म में उनके रेप सीन को देखकर उनकी मां बेहद
नाराज़ हुई और सिनेमा हॉल से बाहर आ गईं। साथ ही उनके पिता ने भी उन्हें खूब
डांट लगाई।

शक्ति ने 2004 राजनीति में दिलचस्पी दिखाते हुए इंडियन नेशनल कांग्रेस पार्टी के लिए प्रचार और काम भी किया।

शक्ति कपूर पर संजय दत्त, मिथुन, गोविंदा आदि के साथ 100 से भी ज्यादा
गाने फिल्माए गए हैं। इतना डांस करते देख अमजद खान ने उनका नाम डिस्को
क्वीन रख दिया था।

शक्ति कपूर को शराब की लत थी, उनकी इस आदत से बेटी श्रद्धा कपूर बेहद
परेशान थी और उन्हें लगता था कि उनके पिता परिवार के साथ समय व्यतीत करने
के बजाय शराब पीना पसंद करते हैं। शक्ति ने इसीलिए रियलिटी शो बिग बॉस में
हिस्सा लिया ताकि ये बता सकें कि वे बिना शराब के रह सकते हैं।